Norat Mal Nama
24-Mar-2026
मतदाता सूचियां प्रारूप प्रकाशित, 22 अप्रैल को होगा अंतिम प्रकाशन
देवली ,राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरपालिका आम चुनाव 2026 के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) देवली द्वारा मंगलवार को मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन किया गया है।
एसडीएम कार्यालय की सूचना के अनुसार नगरपालिका क्षेत्र देवली के 35 वार्डों में कुल 24 हजार 304 मतदाता हैं, जबकि नगरपालिका दूनी में 8705 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया है।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 25 मार्च को वार्डों और मतदान केंद्रों पर नामावलियों का पठन किया जाएगा। मतदाता अपने दावे और आक्षेप 7 अप्रैल तक प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए 29 मार्च और 5 अप्रैल (रविवार) को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। प्राप्त दावों और आक्षेपों का निस्तारण 15 अप्रैल तक किया जाएगा, जिसके बाद 22 अप्रैल को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन होगा। ऐसे व्यक्ति जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपने वार्ड के नियुक्त प्रगणक से आवेदन प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरकर उसके साथ निवास और आयु संबंधी दस्तावेज संलग्न कर 7 अप्रैल तक जमा कराए जा सकते हैं।