Norat Mal Nama
04-Nov-2026
आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया दीपावली पर्व, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा
देवली। स्थानीय आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल (AIPS) में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक रोशनी, रंग-बिरंगी सजावट एवं सुंदर रंगोलियों से सजाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष सीताराम मंगल ने दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। छात्रा चार्वी ने दीपावली के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों ने 'राम सिया राम' भजन की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं कक्षा 3 की छात्राओं ने 'हैप्पी दिवाली' गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने रामायण पर आधारित नाटक का मंचन कर भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन का सुंदर दृश्य प्रस्तुत किया। नाटक के पश्चात रामायण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीपावली की खुशियों को साझा करते हुए छोटे बच्चों ने फुलझड़ियां जलाईं तथा बड़े विद्यार्थियों ने आतिशबाजी के साथ पर्व का आनंद लिया।
विद्यालय में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों के लिए दीपक निर्माण, कक्षा 4 एवं 5 के लिए शुभ-लाभ निर्माण, कक्षा 6 एवं 7 के लिए पेपर रंगोली तथा कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए वंदनवार निर्माण एवं फूलों और रंगों से आकर्षक रंगोली बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के अंत में संस्था निदेशक मोहित अग्रवाल, सह-निदेशक रेखा मंगल एवं प्रधानाचार्या राजेंद्र कौर ने विद्यार्थियों को सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया। समारोह का समापन भगवान श्रीराम की भव्य आरती के साथ हुआ, जिसमें संस्था पदाधिकारियों, अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं आपसी सद्भाव के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन मोनिया जैन ने किया।