Norat Mal Nama
07-Apr-2026
समर्थन मूल्य पर सरसों व चने की खरीद शुरू
किसानों को सीधे खाते में मिलेगा भुगतान
देवली ,देवली और दूनी सहकारी समिति केंद्रों पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर चना एवं सरसों की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है।
देवली सहकारी समिति के जनरल मैनेजर विनोद कुमार पहाड़िया ने बताया कि एक अप्रैल से शुरू हुई इस खरीद योजना का लाभ उठाने के लिए किसान उत्साहित हैं। उन्होंने अपील की है कि जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे ई-मित्र के माध्यम से खसरा गिरदावरी, बैंक पासबुक, आधार और जन आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा कर अपना रजिस्ट्रेशन तुरंत करवाएं। पंजीकरण के बाद आवंटित तिथि पर किसान अपनी फसल को पूरी तरह साफ और सुखाकर केंद्र पर लाएं, ताकि उन्हें तुलाई में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। केंद्र पर फसल लाते समय किसानों को अपने साथ रजिस्ट्रेशन फॉर्म और मूल दस्तावेजों की प्रतियां लाना अनिवार्य है। इस बार व्यवस्था को पारदर्शी बनाते हुए सरकार ने प्रावधान किया है कि फसल की तुलाई के बाद भुगतान की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में डिजिटल माध्यम से जमा की जाएगी। इससे बिचौलियों का हस्तक्षेप समाप्त होगा और किसानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो सकेगा। प्रशासन ने केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।