Norat Mal Nama
20-Nov-2026
देवली पंचायत समिति चुनाव : कांग्रेस को बहुमत, 15 सीटों पर जीत के साथ प्रधान बनना तय
देवली ,पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति देवली की सभी 25 सीटों के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) देवली द्वारा जारी अंतिम सूची के अनुसार, इंडियन नेशनल कांग्रेस ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए 25 में से 15 सीटों पर जीत दर्ज की है।
यहां 25 सदस्यीय पंचायत समिति में बहुमत का आंकड़ा 13 सीटों का है, जिसे कांग्रेस ने आसानी से पार कर लिया है। इसके साथ ही देवली पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान बनना पूरी तरह तय हो गया है। इसे लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राहुल बलसोरा ने सांसद हरिश्चंद्र मीणा को गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी। चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है और वह महज 6 सीटों पर सिमट गई है। इसके अलावा 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी है, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के खाते में एक-एक सीट गई है। जारी परिणामों के मुताबिक कांग्रेस के टिकट पर वार्ड संख्या 2 से हरजीराम, वार्ड 4 से सीता देवी, वार्ड 5 से शिवराज मीणा, वार्ड 6 से रतन लाल, वार्ड 9 से नन्दलाल रेगर, वार्ड 10 से लाड़ देवी, वार्ड 11 से प्रियंका कुमारी मीणा, वार्ड 12 से प्रियंका जाट, वार्ड 13 से कविता गुर्जर, वार्ड 14 से महादेव सिंह मीणा, वार्ड 15 से नन्द किशोर, वार्ड 18 से सोजी, वार्ड 20 से रानी नागर, वार्ड 22 से राजी और वार्ड 23 से कंवरी लाल ने जीत हासिल की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से वार्ड संख्या एक से विमल जैन, वार्ड 3 से रेखा, वार्ड 16 से मन्जू मीणा, वार्ड 17 से हरिसिंह गुर्जर, वार्ड 19 से संजु और वार्ड 24 से धर्मराज मीणा निर्वाचित हुए हैं। अन्य विजेताओं में वार्ड 7 से पिंकी देवी और वार्ड 25 से दुर्गालाल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विजयी रहे हैं, जबकि वार्ड 8 से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की ऐजन और वार्ड 21 से बहुजन समाज पार्टी की शालू देवी मीणा ने जीत दर्ज की है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पंचायत समिति देवली में कांग्रेस का बोर्ड था।