Norat Mal Nama
18-Nov-2026
तीन बहनों का इकलौता भाई था पीयूष, बनास नदी में डूबने से मौत; सुबह मिला शव
नदी किनारे स्कूटी और चप्पल मिलने पर जताई थी डूबने की आशंका, कक्षा 11 का छात्र था किशोर
देवली ,नगर पालिका क्षेत्र के बोयड़ा गणेश जी मंदिर के समीप बनास नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर पीयूष मीणा की मौत हो गई। मंगलवार शाम से लापता किशोर का शव बुधवार सुबह तलाश अभियान के दौरान नदी से बाहर निकाला गया। पीयूष तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतक पीयूष पुत्र चरण सिंह मीणा मूल रूप से सावंतगढ़ निवासी था तथा वर्तमान में परिवार के साथ कुचलवाड़ा रोड स्थित राजस्थान पब्लिक स्कूल के पीछे रहता था। वह कक्षा 11 में कृषि संकाय का विद्यार्थी था और किसान क्लासेज में पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार मंगलवार को वह स्कूटी लेकर घर से अकेला निकला था। शाम को बोयड़ा गणेश जी मंदिर के समीप उसकी स्कूटी और चप्पल मिलने पर उसके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने देर रात तक नदी में तलाश की। कुछ परिजन रातभर घटनास्थल पर ही रुके रहे।
बुधवार सुबह दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया। इस दौरान गणेश मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गिरिराज जोशी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सुझाव पर रस्सी और बलाई की मदद से तलाश की गई, जिसके बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव को देवली राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के जीजा दौलतराम मीणा निवासी लुहारी के अनुसार परिवार में किसी तरह की कोई कमी नहीं थी। खुशहाल परिवार पर इस हादसे ने गहरा दुख ला दिया।
पीयूष के पिता चरण सिंह मीणा श्रीनगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वे ड्यूटी से छुट्टी लेकर फ्लाइट से देवली के लिए रवाना हुए। बताया गया कि किशोर के घर से निकलने के बाद उसकी बहन भी उसके पीछे आई थी। घटनास्थल पर उसकी दोनों बहनें भी मौजूद थीं। सूचना मिलने पर कुचलवाड़ा रोड कॉलोनी के लोग भी अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए।
परिजन किशोर की मौत पैर फिसलकर नदी में गिरने से होने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि घटनाक्रम किन परिस्थितियों में हुआ, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार पिता के पहुंचने और परिजनों की ओर से रिपोर्ट दिए जाने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके और अस्पताल में उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण चौधरी, बजरंग लाल, हेड कांस्टेबल अभिषेक और पुलिसकर्मी रामजीवन ने परिजनों से जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।