Norat Mal Nama
20-Feb-2026
गूंजी शहनाइयां : 45 जोड़े बने जीवन के हमसफर
देवली,चांदली माताजी परिसर में गुरुवार को प्रजापति समाज का नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।गूंजी शहनाइयां : 45 जोड़े बने जीवन के हमसफर
इस समारोह में समाज के 45 जोड़ों ने अग्नि के सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के अध्यक्ष रामकरण प्रजापति के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर भीलवाड़ा बीबीसी डायरेक्टर राधेश्याम प्रजापति, सरपंच रूपनारायण प्रजापति, जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष घासीलाल और अन्य लोग मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत ढोल-नगाड़ों और घोड़ों के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई। प्रवक्ता द्वारका प्रसाद प्रजापति ने बताया कि मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत मुख्य कलश, प्रधान कुंड और रथ की बोलियों के साथ हुई, जिसमें समाज के दानदाताओं ने हिस्सा लिया। प्रधान कुंड की बोली हेमराज प्रजापति (गुराई) ने 1.51 लाख रुपए में ली, वहीं मुख्य कलश की बोली 21 हजार और रथ की बोली 31 हजार रुपये रही। दोपहर को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ, जिसके बाद आयोजित आशीर्वाद समारोह में अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर समाज की विभिन्न मांगों को लेकर विधायक राजेंद्र गुर्जर ने सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया और चांदली माताजी के सामुदायिक भवन हेतु 10 हजार रुपए की घोषणा की।