Norat Mal Nama
13-Feb-2026
देवली, चर्च रोड स्थित आइडियल किड्स इंटरनेशनल स्मार्ट स्कूल में आज महाराजा सूरजमल की जयंती श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन श्री जाट विकास समिति के तत्वावधान में जितेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में किया गया।
समिति के प्रचार-प्रसार मंत्री तेजप्रकाश चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा सूरजमल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने महाराजा सूरजमल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके गौरवशाली इतिहास, अद्वितीय पराक्रम और दूरदर्शी नेतृत्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि महाराजा सूरजमल भारतीय इतिहास के उन महान शासकों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपने साहस, कूटनीति और कुशल प्रशासन से एक सशक्त एवं समृद्ध राज्य की स्थापना की। वे केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि प्रजावत्सल, न्यायप्रिय और दूरदर्शी शासक थे। उनके शासनकाल में सामाजिक समरसता, सुरक्षा और सुशासन को विशेष महत्व मिला। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराजा सूरजमल के आदर्शों—साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति—से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर श्री जाट विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष उदयलाल जाट, नानू लाल चौधरी, पुष्कर चौधरी, खेमराज चौधरी, राजू गनेती, कुलदीप चौधरी, विजय सिंह चौधरी, लोकेन्द्र चौधरी, सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।