Norat Mal Nama
27-May-2026
देवली के उप जिला अस्पताल में 100 किलोवाट का सोलर सिस्टम शुरू,अब निर्बाध बिजली से होगा संचालन
देवली),उप जिला अस्पताल में बिजली की समस्याओं से निपटने के लिए कदम उठाया गया है। अस्पताल परिसर में पिछले कई दिनों से चल रहा सोलर पैनल लगाने का कार्य अब सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है।
मंगलवार को सभी आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए सोलर सिस्टम को विधिवत चालू कर दिया गया, जिससे अब चिकित्सालय को बिजली की निर्बाध आपूर्ति मिलना सुनिश्चित हो गया है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत अस्पताल परिसर में 100 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित किए गए हैं। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. रविराज सिंह ने कहना है कि इस सौर ऊर्जा प्रणाली का वितरण दो मुख्य हिस्सों में किया गया है। योजना के अनुसार 60 किलोवाट बिजली का उपयोग अस्पताल के मुख्य भवन की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा, जबकि 40 किलोवाट बिजली विशेष रूप से ब्लड बैंक को समर्पित रहेगी।
इस नई व्यवस्था के लागू होने से अस्पताल प्रबंधन को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। सबसे पहले इससे बिजली कटौती की समस्या से छुटकारा मिलेगा और आपातकालीन स्थिति में भी चिकित्सा सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहेंगी। इसके अलावा सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक बिजली की खपत में कमी आएगी, जिससे सरकारी खजाने पर पड़ने वाले विद्युत बिल के भार में बचत होगी। पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी यह एक सराहनीय पहल है, जो चिकित्सालय को 'ग्रीन एनर्जी' की ओर अग्रसर होगी।