Norat Mal Nama
27-Apr-2026
देवली,शादी की खुशियां मातम में बदली : देवली में सड़क हादसे में सरकारी शिक्षक की दर्दनाक मौत,पत्नी गंभीर घायल
देवली,एक ओर जहां शहनाइयों की गूंज और शादी का उल्लास था, वहीं दूसरी ओर नियति ने ऐसा क्रूर मजाक किया कि खुशियां चंद घंटों में ही चीख-पुकार में बदल गईं। सोमवार को देवली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजसमंद में कार्यरत सरकारी शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रघुनंदन पाराशर पुत्र रामस्वरूप शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लावा (डिग्गी) के निवासी थे और वर्तमान में राजसमंद जिले के आमेट में शिक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे थे। जानकारी के अनुसार, रघुनंदन अपनी पत्नी कविता के साथ चांदली गांव में अपने ससुराल पक्ष के रिश्तेदार धनराज पाराशर के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार रात उन्होंने परिवार और रिश्तेदारों के साथ जमकर जश्न मनाया और खुशियां बांटी, लेकिन किसी को आभास नहीं था कि सोमवार का सूरज उनके जीवन का आखिरी दिन होगा।
हादसा सोमवार को उस समय हुआ जब शादी के कार्यक्रमों से निवृत होकर रघुनंदन अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर सवार होकर कुचलवाड़ा माताजी के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में होटल सूर्य महल के समीप एक एक वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रघुनंदन द्वारा पहने हुए हेलमेट के परखच्चे उड़ गए और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उनकी पत्नी कविता भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों को तत्काल देवली चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रघुनंदन को मृत घोषित कर दिया और कविता का उपचार शुरू किया। इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही लावा और उनके ससुराल पक्ष को मिली, वहां कोहराम मच गया। जिस घर से अभी शादी की खुशियां विदा भी नहीं हुई थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। देवली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है, हालांकि अभी परिजनों की ओर से औपचारिक रिपोर्ट देना शेष है। बता दे कि कुचलवाड़ा रोड निवासी विष्णुदत्त शर्मा मृतक रघुनंदन के ससुर है।