Norat Mal Nama
22-Oct-2026
व्यापार महासंघ देवली ने बाजार की व्यवस्थाएं सुधारने की उठाई मांग
देवली , त्योहारी सीजन में बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यापार महासंघ देवली ने शहर में यातायात, सफाई, रोशनी और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
महासंघ पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर दीपावली से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की। ज्ञापन में गुरुद्वारा रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय चालू कराने, बाजार की मरम्मत व रंग-रोगन, खराब रोड लाइटें ठीक कराने, बड़े पेड़ों की छंटाई और टूटे बिजली के खंभे बदलवाने की मांग की गई। साथ ही खुले नालों को ढकने, प्रमुख मार्गों पर बिजली के तार भूमिगत कराने, बाजार व डिवाइडरों की सफाई तथा धूल नियंत्रण के लिए मशीन से सफाई कराने पर जोर दिया।
व्यापार महासंघ ने प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग, बाजार में पर्याप्त रोशनी व आकर्षक सजावट, बस स्टैंड स्थित प्याऊ की छत की मरम्मत और गांधी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर पार्किंग व्यवस्था शुरू कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा छतरी चौराहे की सफाई व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया।
महासंघ अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ ने बताया कि दीपावली के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर यातायात, स्वच्छता, रोशनी और पार्किंग व्यवस्था से आमजन एवं व्यापारियों को राहत मिलेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुकेश मित्तल, पार्षद भीमराज जैन, चंद्रभान गोयल, मुकेश गोयल, राजीव भारद्वाज, आशीष पंचोली, प्रमोद मंगल, बृजेश भारद्वाज, राजन नामा, सुनील एवं राकेश ओसवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।