Norat Mal Nama
24-Aug-2026
देवली,बेटियां बनीं श्रवण कुमार, मां को टोकरी में बिठाकर कराए महादेव के दर्शन
देवली ,सावन के अंतिम सोमवार पर देवली क्षेत्र में मातृ प्रेम और भक्ति की मिसाल देखने को मिली। तेजाजी कॉलोनी स्थित प्रताप नगर क्षेत्र निवासी बुजुर्ग महिला बोली देवी वर्मा को उनकी बेटियों ने टोकरी में बैठाकर करीब 30 किलोमीटर दूर लकड़ेश्वर महादेव के दर्शन कराए।
बेटियों ने बारी-बारी से टोकरी को सिर पर उठाकर कठिन पैदल यात्रा पूरी की और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ आगे बढ़ती रहीं। बताया गया कि नंदू और नोरती सहित बेटियों ने मां की मन्नत पूरी करने का संकल्प लिया था। उक्त दृश्य को देखकर राहगीरों ने बेटियों के जज्बे की सराहना की और पुष्प वर्षा कर उत्साह बढ़ाया।
लकड़ेश्वर महादेव पहुंचकर बेटियों ने मां को दर्शन कराए तथा जलाभिषेक कर उनकी दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सावन के अंतिम सोमवार पर पांच बेटियों की यह भक्ति और मां के प्रति निस्वार्थ प्रेम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।