Norat Mal Nama
24-Feb-2026
देवली,न्याय की मांग को लेकर देवली में सर्व सेन समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के अंतर्गत रंजीतपुरा गांव में 8वीं कक्षा की मासूम छात्रा के साथ हुए जघन्य अपराध और निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को देवली में सर्व सेन समाज का गुस्सा फूट पड़ा।
सर्व सेन समाज मंच देवली के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मृतका के परिवार के लिए न्याय और दोषियों को फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग की है। ज्ञापन में बताया कि एक 13 वर्षीय बालिका बीते 21 फरवरी को अपनी कक्षा की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद से वह लापता हो गई। बाद में उसका शव रोही क्षेत्र में अर्धनग्न और क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। इस हृदयविदारक घटना से न केवल सेन समाज बल्कि पूरे मानव समाज में गहरा शोक और भारी रोष व्याप्त है। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही प्रशासन ने अब तक समाज की उचित मांगों पर कोई सकारात्मक कदम उठाया है।
आंदोलनकारी समाज ने सरकार के समक्ष पांच सूत्रीय मांगें रखी हैं। इसमें मुख्य रूप से सभी अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषियों को मृत्युदंड दिलाने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व डेयरी बूथ आवंटित करने और मुख्यमंत्री राहत कोष से एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को और अधिक मुस्तैद करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन देने वालों में बजरंग लाल सेन, शंभू कुमार सेन, भंवर लाल सेन, टीकमचन्द सेन सहित समाज के दर्जनों पदाधिकारी और युवा शामिल रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन मांगों को स्वीकार कर बालिका को न्याय नहीं दिलाया गया, तो यह आंदोलन केवल उपखण्ड स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश स्तर पर किया जाएगा।