Norat Mal Nama
10-Oct-2026
महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने सौंपा ज्ञापन,
यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आदिल अहमद के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने सौंपा ज्ञापन, महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान की मांग
खेल मैदान की सफाई, कबड्डी मैदान का समतलीकरण, CCTV कैमरे चालू करवाने और लाइब्रेरी में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने सहित 10 मांगें उठाईं
देवली (टोंक)। राजकीय महाविद्यालय देवली में छात्र-छात्राओं से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक एवं मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आदिल अहमद के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने प्राचार्य महोदय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाकर बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में विद्यार्थियों की विषय परिवर्तन से संबंधित समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने, खेल मैदान की नियमित सफाई करवाने, शौचालयों की स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा महाविद्यालय परिसर में बंद पड़े CCTV कैमरों को शीघ्र चालू करवाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त कबड्डी मैदान में मिट्टी डलवाकर समतलीकरण करवाने की मांग भी उठाई गई, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए उचित मैदान उपलब्ध हो सके।
विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की लाइब्रेरी के उद्घाटन से संबंधित शिलापट्ट लगवाने, कक्षाओं एवं परिसर में नियमित साफ-सफाई करवाने तथा खराब पंखों, लाइटों और अन्य विद्युत उपकरणों की मरम्मत करवाने की मांग की। साथ ही विद्यार्थियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया।
लाइब्रेरी में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग
ज्ञापन में महाविद्यालय की लाइब्रेरी एवं वाचनालय में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग विशेष रूप से उठाई गई। विद्यार्थियों का कहना है कि इंटरनेट सुविधा मिलने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कक्षाएं लेने, अध्ययन सामग्री प्राप्त करने तथा अपनी शैक्षणिक तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आदिल अहमद, छात्रसंघ महासचिव इमरान पठान, कौशल ठागरिया, नरेन्द्र गाडिया लुहार, प्रवीण वैष्णव, हिमांशु टाटावत, मनीष, नेहा, राशि, सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन से सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान करवाने की मांग की, ताकि महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।