Norat Mal Nama
31-Jan-2026
देवली,आईडियल किड्स इंटरनेशनल स्मार्ट स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
दिनांक 30 जनवरी की शाम को स्थानीय अटल उद्यान स्थित टीन शेड में आईडियल किड्स इंटरनेशनल स्मार्ट स्कूल का वार्षिकोत्सव समारोहपूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय के निदेशक जितेन्द्र सिंह चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपखण्ड अधिकारी रुबी अंसार रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाट्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिस पर अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आनंदप्रकाश मीणा, डॉ. सरिता मीणा एवं पूर्व पार्षद प्रियंका बंसल उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय के शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय निदेशक जितेन्द्र सिंह चौधरी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।