Norat Mal Nama
31-Jan-2026
आवारा कुत्तों के खिलाफ नगर पालिका का अभियान शुरू
देवली,पहली बार में पटेल नगर से 28 कुत्ते पकड़ शहर में लंबे समय से बना हुआ आवारा कुत्तों का आतंक अब कम होने लगा है। नगर पालिका मंडल की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए शनिवार से एक विशेष अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई के पहले ही दिन शनिवार सुबह नगर पालिका की टीम ने शहर के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके पटेल नगर में दबिश दी और वहां से रिकॉर्ड 28 कुत्तों को पकड़कर पिंजरों में कैद किया। एक ही मोहल्ले से इतनी बड़ी संख्या में कुत्ते पकड़े जाने के बाद स्थानीय निवासियों ने बड़ी राहत महसूस की है। गौरतलब है कि पटेल नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों और आतंक से आमजन पिछले काफी समय से खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा था। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए हाल ही में स्थानीय लोगों ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा और एसडीओ रूबी अंसार को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई थी। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत संज्ञान लिया और शनिवार को कर्मचारियों की टीम को मैदान में उतारा। नगर पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक (एसआई) कुलदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल पटेल नगर से कुत्तों को पकड़ने की शुरुआत की गई है। पकड़े गए इन सभी कुत्तों के लिए नगर पालिका प्रशासन की ओर से भोजन के रूप में रोटी और पानी का उचित प्रबंध किया गया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन सभी कुत्तों का विधिवत वैक्सीनेशन (टीकाकरण) किया जाएगा और उसके बाद इन्हें शहर से दूर सुरक्षित वन्य क्षेत्रों में छोड़ दिया जाएगा। नगर पालिका की यह मुहिम अभी थमी नहीं है। एसआई कुलदीप सिंह के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। टीम बदल-बदल कर बंगाली कॉलोनी सहित शहर के अन्य प्रभावित इलाकों में कार्रवाई करेगी, ताकि शहरवासियों को आवारा कुत्तों के डर से पूरी तरह निजात दिलाई जा सके। इस त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन का आभार जताया है।