Norat Mal Nama
20-Jan-2026
देवली उप जिला अस्पताल में जल्द शुरू होगी सोनोग्राफी जांच
गर्भवती महिलाओं और मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
देवली ,शहर के राजकीय उप जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है, जहाँ अब जल्द ही मरीजों और विशेषकर गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी की सुविधा मिल सकेगी।
अस्पताल में पिछले दिनों करीब 12 लाख रुपए की लागत से आधुनिक सोनोग्राफी मशीन पहुंच चुकी है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही गंभीर जांचें संभव हो सकेंगी। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राजकुमार गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल प्रशासन एक स्त्री रोग विशेषज्ञ को इस मशीन के संचालन के विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजने की तैयारी कर रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा होते ही मशीन को अस्पताल में विधिवत इंस्टॉल कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे अब मरीजों को निजी सेंटरों या अन्य शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
सोनोग्राफी मशीन का अस्पताल में आना चिकित्सा जगत के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है। यह बिना किसी विकिरण के शरीर के आंतरिक अंगों की सटीक जांच करती है। इसका मुख्य उपयोग गर्भावस्था के दौरान भ्रूण के विकास, स्वास्थ्य और स्थिति की निगरानी करने के लिए किया जाता है, जिससे प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं को समय रहते रोका जा सकता है। इसके अतिरिक्त, सोनोग्राफी के माध्यम से पेट के रोगों जैसे पथरी, अपेंडिक्स, लिवर और किडनी की समस्याओं के साथ-साथ शरीर की गांठों और अंदरूनी सूजन का भी बारीकी से पता लगाया जा सकता है। इस सुविधा के शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क या रियायती दरों पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।