Norat Mal Nama
19-Feb-2026
जयकारों की गूंज और आतिशबाजी के साथ सावरे के मंदिर का शिलान्यास
देवली,शहर के कुचलवाड़ा रोड पर जयपुर विद्युत वितरण निगम कार्यालय के सामने बनने वाले भव्य श्री सांवरिया सेठ मंदिर की नींव का गुरुवार को उत्साह और भक्तिमय वातावरण में शिलान्यास किया गया। जयकारों की गूंज और आतिशबाजी के साथ सावरे के मंदिर का शिलान्यास
सुबह 10:30 बजे आयोजित इस पुनीत कार्य के साक्षी पं रामेश्वर शास्त्री एवं अन्य विद्वान पंडित बने, जिनके मंत्रोच्चार ने पूरे परिवेश को आध्यात्मिकता से सराबोर कर दिया। धार्मिक विधि-विधान के साथ 21 जोड़ों ने मुख्य शिला का पूजन संपन्न किया। इस ऐतिहासिक पल की खुशी में भक्तों ने जमकर गुलाल उड़ाई और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। मंदिर निर्माण को गति देने के लिए क्षेत्र के दानदाताओं ने भी सहयोग की घोषणाएं की। इस मुहूर्त में शामिल हुए देवली के माल मोहल्ला निवासी महेश मंगल व हिमांशु मंगल ने राधेश्याम मंगल, महेश मंगल, विष्णु मंगल की ओर से सांवरिया मंदिर के निर्माण के लिए 2 हजार फीट ग्रेनाइट देने की घोषणा की। साथ ही विकास सुवालका की ओर से मंदिर के लिए नि:शुल्क पेयजल की व्यवस्था करने की घोषणा की गई। इस अवसर पर मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष रामसिंह शक्तावत, उपाध्यक्ष संपत सुवालका, सचिव केपी सिंह, सह-सचिव पंकज सिंहल और कोषाध्यक्ष मनीष पाराशर सहित दर्जनों की संख्या में सांवरिया भक्त मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भक्तों के सहयोग से यह मंदिर जल्द ही भव्य स्वरूप लेगा।