Norat Mal Nama
15-May-2026
देवली में तस्कर गिरफ्तार, करीब 2.24 लाख का नशीला पदार्थ स्मेक बरामद
देवली ,टोंक पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवली थाना पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध स्मैक की सप्लाई करने वाले तस्कर जितेन्द्र सिंह उर्फ शेरु को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद किया है।
थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर के अनुसार गुरुवार को देवली पुलिस द्वारा गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त जितेन्द्र सिंह उर्फ शेरु पुत्र प्रहलाद उर्फ मानसिंह जाति रावणा राजपूत निवासी ऊंचा थाना हनुमान नगर और हाल निवासी पटेल नगर देवली को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 11.190 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 23 हजार 800 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी 'शेरु' स्मैक की छोटी-छोटी पुड़ियाँ तैयार कर मोटरसाइकिल के माध्यम से कस्बा क्षेत्र में अवैध सप्लाई और वितरण का काम करता था। सांसी गिरोह के पलायन के बाद वह इस क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के वितरण तंत्र का प्रमुख सप्लायर बन गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक जिपर पैक पारदर्शी प्लास्टिक थैली में रखी स्मैक और 5 कागजी पुड़ियों में भरी स्मैक बरामद की है, जिनका वजन पैकिंग सहित क्रमशः 12.550 ग्राम और 1.870 ग्राम पाया गया। इसके अलावा तस्करी में उपयोग की गई हीरो मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।