Norat Mal Nama
15-Jan-2026
106 रोगियों की हुई जांच, 46 का मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन
देवली ,जन सेवा समिति देवली एवं सहाय हॉस्पिटल मोती डूंगरी आई रिसर्च सेंटर सोसाइटी द्वारा जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के सहयोग से गुरुवार को पेंशनर भवन तहसील परिसर में निःशुल्क लैंस प्रत्यारोपण शिविर लगा।
शिविर में नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर सोनू शर्मा ने आंखों के विभिन्न रोगों से ग्रसित 106 रोगियों का परामर्श व जांच की, जिनमें से 46 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। इन सभी चयनित मरीजों का ऑपरेशन सहाय हॉस्पिटल जयपुर में निःशुल्क किया जाएगा, जहां उनके लिए दवाइयां, चश्मा, भोजन और ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था होगी। समिति अध्यक्ष नवल किशोर मंगल ने बताया कि शिविर के दौरान गत माह ऑपरेशन कराए गए मरीजों को चश्मे भी वितरित किए गए। शिविर संयोजक कन्हैयालाल लुनीवाल के अनुसार ऑपरेशन के एक महीने बाद फॉलोअप शिविर आयोजित कर आंखों की चेकिंग की जाएगी। इस सेवा कार्य में शिवजीराम प्रतिहार, महावीर कुमार जैन, सत्यनारायण गोयल, राजेंद्र कुमार शर्मा सहित सदस्यों ने अपना सहयोग दिया।