Norat Mal Nama
14-Apr-2026
देवली, संविधान शिल्पी की 135वीं जयंती पर देवली में उमड़ा जनसैलाब रैली के समापन पर ममता सर्कल पर एक विशाल आम सभा आयोजित हुई, जिसे यहां के पूर्व विधायक रामनारायण मीणा और देवली उनियारा प्रत्याशी युवा नेता नरेश मीणा ने संबोधित किया।
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को देवली शहर में सर्व समाज और डॉ. भीमराव अंबेडकर विचार मंच समिति के तत्वावधान में उत्साह का संगम देखने को मिला।
अंबेडकर विचार मंच समिति देवली के अध्यक्ष पांचूलाल मीणा के नेतृत्व में पेट्रोल पंप चौराहे से अंबेडकर चौराहे तक एक जुलूस निकाला गया, जिसमें जन-जन की भागीदारी रही। रैली के दौरान पूरा शहर बाबा साहब के जयकारों से गुंजायमान रहा और नीले झंडों के साथ लोग बाबा साहब के संदेशों का प्रचार करते हुए चल रहे थे। जुलूस में वाहनों पर बाबा साहब की तस्वीरों को विशेष रूप से सजाया गया था। पैदल मार्च के जरिए बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। रैली का मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। बस स्टैंड पर एक।स्कूल द्वारा मिल्क रोज पिलाकर रैली में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया। रैली के समापन पर ममता सर्कल पर एक विशाल आम सभा आयोजित हुई, जिसे यहां के पूर्व विधायक रामनारायण मीणा और युवा नेता नरेश मीणा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब ने विश्व का सबसे बड़ा संविधान बनाकर भारत को एक मजबूत लोकतांत्रिक दिशा दी है। उनके संघर्ष और विचार आज भी पिछड़ों और वंचितों के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत हैं। मंच के मीडिया प्रभारी दिलकुश टाटावत ने बताया कि कार्यक्रम में शीला राजकुमार मीणा ने अंबेडकर विचार मंच के पैनोरमा निर्माण के लिए 11 लाख रुपए के आर्थिक सहयोग की घोषणा की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामनरायण मीणा, नरेश मीणा, शीला राजकुमार मीणा, शिवजीराम प्रतिहार, मुकेश मीणा, मंच के पूर्व अध्यक्ष यादराम मीणा, राजबहादुर वर्मा, बन्नालाल वर्मा, केआर कमलेश, मोतीलाल, सुरेंद्र बैरवा, साबूलाल, रजनीश सुवालका, त्रिलोक बैरवा, रमेश मीणा, रविशंकर मीणा, तनसुख बैरवा, मनीराम वर्मा, सुरेश और रमेश सहित सैकड़ों उपस्थित रहे।