Norat Mal Nama
01-Jun-2026
देवली व्यापार महासंघ ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, कृषि मंडी और बस स्टैंड की समस्याओं के समाधान की मांग
देवली, व्यापार महासंघ देवली ने अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ के नेतृत्व में स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर से उनके टोंक कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने देवली शहर की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और उनके स्थायी समाधान की पुरजोर मांग की।
प्रवक्ता अमित गौतम ने बताया कि प्रतिनिधि मंडल ने सबसे पहले शहर की कृषि उपज मंडी के मुद्दे को उठाया। व्यापारियों ने मांग की कि देवली स्थित कृषि मंडी को विशिष्ट श्रेणी या गौण मंडी का दर्जा दिया जाए। वर्तमान में शहर की मुख्य मंडी के सात किलोमीटर दूर चले जाने के कारण व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और व्यापारी पलायन करने को मजबूर हैं। वहीं ज्ञापन में देवली बस स्टैंड के स्थानांतरण के मुद्दे को भी प्रमुखता से रखा गया। महासंघ ने स्पष्ट मांग की कि बस स्टैंड को वर्तमान स्थान पर ही यथावत रखा जाए। इसकी व्यवस्था सुधारने के लिए वहां पुलिस चौकी की स्थापना की जाए या पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाए। इसके अलावा बस स्टैंड पर स्थित सुलभ शौचालय को व्यवस्थित करने और वहां मुफ्त सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
व्यापारियों ने मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ रुपए की राशि का सदुपयोग वर्तमान बस स्टैंड को ही व्यवस्थित करने में किए जाने का आग्रह किया। साथ ही ठेले वाले, ई-रिक्शा, प्राइवेट बस, लोक परिवहन, राजस्थान रोडवेज और व्यापारियों के लिए प्रशासन द्वारा उचित गाइडलाइन जारी करने की मांग की गई, ताकि बस स्टैंड परिसर में व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। बसों में चढ़कर सामान बेचने वाले फेरीवालों को पाबंद करने और राजस्थान रोडवेज के बूंदी डिपो द्वारा सरकार से मांगी गई जमीन के लेटर को निरस्त कराने की भी मांग रखी गई।
विधायक राजेंद्र गुर्जर ने ज्ञापन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने व्यापार महासंघ के सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे देवली शहर की समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव तत्पर हैं। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में रतन मंगल, सीताराम गर्ग, विनोद खूटेटा, राजीव भारद्वाज, मुकेश गोयल, चंद्रभान गोयल, आशीष पंचोली, प्रशांत उपाध्याय, दिनेश जैन, प्रमोद मंगल, मुकेश मित्तल, देवेंद्र दीपक, सुनील सिंघल, सोनू ग्वाला, राकेश ओसवाल, जितेंद्र हावा, राजन नामा, सर्वजीत सिंह, रमेश गोयल, प्रमोद मंगल और बस स्टैंड थैला एसोसिएशन के अध्यक्ष रामदयाल साहू सहित सांवरिया ग्वाला, शम्भू सोनी, घासी ग्वाला, मुबारिक अली मौजूद रहे।