Norat Mal Nama
18-Mar-2026
*देवली में 27वीं शब की अज़मत, मस्जिदों में ख़त्म-ए-कुरआन पर इमामों का सम्मान*
देवली , माहे रमज़ान के 26वें रोज़े के साथ ही 27वीं शब की अज़मत के मौके पर देवली की मस्जिदों में इबादत और दुआओं का खास माहौल रहा। जमीयत उलेमा-ए-हिंद टोंक जोन 11 के *सदर अख्तरुल्लाह खान* तथा *सचिव मुस्तकीम अब्बासी* और *अब्दुल अय्यूब राजकी* ने बताया कि 27वीं शब को मुसलमान खास तौर पर जागकर इबादत करते हैं, नफ़्ल नमाज़, तिलावत और दुआओं में मशगूल रहते हैं।
उन्होंने बताया कि इस मौके पर लोग कब्रिस्तानों में जाकर अपने मरहूम बुज़ुर्गों के लिए इसाले सवाब और मग़फिरत की दुआ भी करते हैं।
रमज़ान की बरकतों के साथ देवली की कई मस्जिदों में तरावीह के दौरान कुरआन शरीफ के 30 पारे मुकम्मल पढ़ लिए गए। इस अवसर पर मस्जिदों में इमाम और हाफ़िज़े कुरआन को अकीदत के तौर पर नजराना पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार जामा मस्जिद में ₹1,93,000, एजेंसी मस्जिद मरकज़ में ₹1,51,786, सीआईएसएफ मस्जिद में ₹1,71,000 तथा प्रताप कॉलोनी घोषिया मदरसा में ₹73,000 का नजराना पेश किया गया। एजेंसी मस्जिद मरकज़ के इमाम *मौलाना बरकतुल्लाह कासमी* ने भी इस मौके पर दुआ कराई।
मस्जिदों के इमामों ने देश में अमन-चैन, भाईचारा कायम रहने और मुल्क की खुशहाली के लिए खास दुआएँ कीं तथा देश की सलामती और बेहतर हालात के लिए अल्लाह तआला से रहमत की दुआ मांगी।