Norat Mal Nama
17-Mar-2026
देवली थाने की एसडीओं ने जांची व्यवस्थाएं
देवली ,उपखण्ड अधिकारी रूबी अंसार ने मंगलवार को देवली पुलिस थाने का विस्तृत वार्षिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानाधिकारी दौलत राम की उपस्थिति में अपराध रजिस्टर, बीट बुक और मालखाना रिकॉर्ड का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए पुराने प्रकरणों के त्वरित और विधि सम्मत निस्तारण पर विशेष जोर दिया। अंसार ने थाना परिसर के कंप्यूटर कक्ष, शस्त्रागार और हवालात का अवलोकन कर स्वच्छता व अनुशासन के मानकों को जांचा तथा बंदियों के मानवाधिकारों व सीसीटीवी निगरानी को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को परिवादियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने तथा अपराधियों में भय व आमजन में विश्वास कायम करने की नसीहत दी। क्षेत्र में अवैध नशे और खनन के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए उन्होंने रिकॉर्ड संधारण पर संतोष व्यक्त किया। इससे पूर्व इस थाने का निरीक्षण अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौकरिया द्वारा किया गया था, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट अब जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। एसडीएम ने थाने के शस्त्रागार की सुरक्षा और हथियारों के रखरखाव का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कारतूसों के स्टॉक का मिलान किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर सख्त निगरानी रखी जाए और क्षेत्र में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याओं को भी सुना गया।