Breaking News
Monday, 16-Mar-2026
Khabr Nama Rajasthan

Office Address

नोरत मल नामा देवली,टोंक राजस्थान
304804

Phone Number

+91 92148 31871

देवली में जाट समाज की बैठक, 17 मई को होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू

Norat Mal Nama 16-Mar-2026
देवली में जाट समाज की बैठक, 17 मई को होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू देवली। श्री जाट समाज विकास समिति, देवली के तत्वावधान में रविवार 15 मार्च को देहलवालजी मंदिर परिसर स्थित जाट धर्मशाला में समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें देवली, दूनी व जहाजपुर तहसील के करीब 31 से अधिक गांवों के समाज बंधुओं ने भाग लिया। बैठक में आगामी 17 मई 2026 को आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से शिक्षाविद शिवजी चौधरी (सरोली) को आयोजन समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष शिवजी चौधरी ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समाज के विभिन्न कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस समारोह के माध्यम से समाज के मेधावी विद्यार्थियों, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित युवाओं और अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावानों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे समाज में शिक्षा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने समाज की एकता को मजबूत बनाए रखने पर जोर देते हुए अधिक से अधिक नए सदस्यों को समाज से जोड़ने तथा गांव-गांव जाकर कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों, विशेष रूप से मृत्यु भोज जैसी परंपराओं पर अनावश्यक खर्च को कम करने तथा सामाजिक कार्यक्रमों को सादगीपूर्ण बनाने पर भी गंभीर चर्चा की गई। इसके अलावा वर्तमान समय में युवाओं के बढ़ते नशे के प्रचलन को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने युवाओं को नशे से दूर रखने, उन्हें खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने तथा बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस संबंध में कई सुझाव और प्रस्ताव भी लिए गए, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और नई पीढ़ी को सही दिशा मिल सके। बैठक के बाद समाज बंधुओं के बीच होली स्नेह मिलन एवं स्नेह भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ भाग लिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर अगली बैठक देहलवाल बाबा मंदिर, सिरोही में 22 मार्च को आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। समाज के वरिष्ठजनों ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और सहभागिता से आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह भव्य और प्रेरणादायक रूप में संपन्न होगा।

Previous News

Top News