Norat Mal Nama
15-Mar-2026
14 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन के लिए चयन, एक्यूप्रेशर व योग चिकित्सा शिविर सोमवार से
देवली ,जन सेवा समिति देवली और सहाय हॉस्पिटल मोती डूंगरी आई रिसर्च सेंटर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पेंशनर भवन में निशुल्क लैंस प्रत्यारोपण चयन शिविर का आयोजन किया गया।
समिति अध्यक्ष नवल मंगल ने बताया कि जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के आर्थिक सहयोग से आयोजित इस शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक नेत्र रोगियों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान पिछले माह हुए ऑपरेशन के मरीजों को चश्मे भी वितरित किए गए। मंगल ने बताया कि नेत्र विशेषज्ञ ज्योति पचार ने आंखों के विभिन्न रोगों की जांच कर 61 रोगियों को परामर्श दिया। इनमें से गंभीर मोतियाबिंद से ग्रसित 14 रोगियों का चयन किया गया, जिनका ऑपरेशन सहाय हॉस्पिटल मोती डूंगरी जयपुर में किया जाएगा। जांच प्रक्रिया में रमाकांत, सुमन, लक्ष्मण और लीलाराम टेक्नीशियन्स ने सहयोग प्रदान दिया। शिविर संयोजक कन्हैयालाल लुनीवाल ने बताया कि भर्ती रोगियों के लिए जयपुर जाने-आने, दवाइयां, चश्मा और भोजन की निशुल्क व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी। यहां शिविर शिवजीराम प्रतिहार, महावीर कुमार जैन, सत्यनारायण गोयल, राजेन्द्र कुमार शर्मा, प्रहलाद शर्मा, सुरेन्द्र सिंह शक्तावत, दिनेश गोयल, भंवरलाल नायक, रमेशचंद्र त्रिपाठी, महेन्द्र कुमार जोशी, अशोक कुमार विजय, श्याम पारीक, राजेन्द्र कुमार, कन्हैयालाल लूनीवाल, घीसालाल टेलर, राजेंद्र जिंदल और नवल जांगिड़ ने सेवाएं दी।
पांच दिवसीय निशुल्क एक्यूप्रेशर, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर सोमवार से
जन सेवा समिति देवली और पेंशनर समाज देवली के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 20 मार्च तक पांच दिवसीय निशुल्क एक्यूप्रेशर, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जनसेवा समिति अध्यक्ष नवल किशोर मंगल ने बताया कि यह शिविर राजस्थान पेंशनर विश्रामगृह तहसील परिसर में प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर एक और दोपहर 2 से 5 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में जयपुर के विशिष्ट चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीआर चौधरी और डॉ. जेआर चौधरी द्वारा अत्याधुनिक तकनीकों से विभिन्न रोगों का उपचार किया जाएगा। इसके तहत धरण, चणक, पेट दर्द, गैस, सिर दर्द, कमर व घुटनों का दर्द, साइटिका, लकवा, मोटापा, अनिद्रा और तनाव सहित पुराने रोगों के लिए परामर्श और चिकित्सा सेवाएं निशुल्क दी जाएगी।