Norat Mal Nama
14-Mar-2026
गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण, स्टॉक पर्याप्त मिला
देवली ,टोंक जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल के निर्देशानुसार शुक्रवार को दूनी और घाड़ स्थित इंडियन गैस एजेंसी व जय मां अम्बे गैस एजेंसी का प्रशासनिक टीम द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया।
उपखण्ड अधिकारी रूबी अंसार के नेतृत्व में की गई इस जांच के दौरान दोनों एजेंसियों पर कुल 975 घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध पाया गया, जिसे प्रशासन ने क्षेत्र के लिए पर्याप्त बताया है। निरीक्षण में सामने आया कि वर्तमान में गैस की सप्लाई सुचारू है और ऑनलाइन बुकिंग भी नियमित रूप से की जा रही है। एजेंसी संचालकों ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि आईओसीएल और बीपीसीएल से आपूर्ति निरंतर मिल रही है, हालांकि इन दिनों सामान्य की तुलना में बुकिंग की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता पैनिक न करें, स्टॉक और सप्लाई की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। यह कार्रवाई क्षेत्र में रसोई गैस की संभावित किल्लत की खबरों के बीच पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए की गई।