Norat Mal Nama
18-Apr-2026
देवली,खाकी की मुस्तैदी ने बुझने से बचाए सैकड़ों घरों के चिराग,नशे की बड़ी खेप पकड़कर युवाओं की रगों में जहर घुलने से रोका!
देवली थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ़ बड़ी स्ट्राइक कर यह साबित कर दिया है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथों से बच नहीं सकता। थानाधिकारी दौलतराम गुर्जर और उनकी टीम की पैनी नजरों ने 600 ग्राम स्मैक की वह खेप बरामद की है।
जो अगर बाजार में पहुंच जाती तो न जाने कितने युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर देती और कितने परिवारों को तबाह कर देती। पुलिस की इस तत्परता की सराहना की जानी चाहिए, उन्होंने केवल ड्रग्स नहीं पकड़ी, बल्कि देवली के भविष्य को अंधकार में जाने से रोक लिया है। नशे का यह काला कारोबार शहर में अपराध की नर्सरी बन चुका है। स्मैक की लत के कारण ही आज शहर का युवा वर्ग निर्माण अधीन घरों से तार चोरी करने, बोरिंग की केबल काटने, साइकिल मोटरसाइकिल चोरी और छोटी-मोटी चोरियों जैसी वारदातों में लिप्त हो रहा है। नशे की एक पुड़िया के लिए अपराधी अपने शौक पूरा करने के चक्कर में संगीन अपराधों की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में गुरुवार को राजराणी और उसकी बेटी की गिरफ्तारी ने उस मुख्य स्रोत पर प्रहार किया है, जहां से यह जहर शहर की गलियों में फैल रहा था। इतनी भारी मात्रा में स्मैक और लाखों की नकदी का मिलना यह दर्शाता है कि नशे के सौदागर मानवता के दुश्मन बन चुके हैं। करीब सवा करोड रुपए की स्मेक ने लोगों की आंखें खोल दी है। आखिर इतनी बड़ी राशि की नशीली खेप इन्होंने कैसे और कहां से ली है, यह भी जांच का विषय है। इन्हें न तो युवाओं के गिरते स्वास्थ्य की चिंता है और न ही समाज के विनाश की। इन्हें सरोकार है तो सिर्फ चंद रुपयों के लालच से। देवली पुलिस ने पूर्व में भी गांजा और स्मैक तस्करों को पकड़कर अपनी सजगता दिखाई है, लेकिन इस ताजा कार्रवाई ने पुलिस का इकबाल बुलंद कर दिया है। इस शानदार के लिए थानाधिकारी दौलतराम, उपनिरीक्षक शिवजी लाल, सहायक उप निरीक्षक हनुमान सिंह और पूरी टीम वाकई प्रशंसा की हकदार है। पुलिस की वजह से आज सैकड़ों युवाओं की रगों में जहर पहुंचने से थम गया।