Norat Mal Nama
16-Oct-2026
देवलीगांव के कई वार्डों में पेयजल संकट, पार्षद हेमेन्द्र सिंह चौहान ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अवैध नल कनेक्शनों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और नियमित जलापूर्ति की मांग
नगर पालिका देवली के वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 एवं 35 में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर वार्ड संख्या 2 के पार्षद हेमेन्द्र सिंह चौहान (गुड्डू बना) ने उपखंड अधिकारी देवली को ज्ञापन सौंपकर नियमित पेयजल आपूर्ति करवाने की मांग की है।
ज्ञापन में पार्षद ने बताया कि देवलीगांव के वार्ड संख्या 2 स्थित खटीक मोहल्ला, कुम्हार मोहल्ला एवं मीणों की हथाई के आसपास बीसलपुर पेयजल परियोजना (जेजेएम) के तहत काफी समय पहले नल कनेक्शन किए गए थे। इसके बावजूद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है।
पार्षद के अनुसार, देवलीगांव में कई लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से एक ही घर में तीन-तीन नल कनेक्शन करवा रखे हैं। इससे पेयजल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कई मोहल्लों में लंबे समय से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि देवलीगांव में किए गए अवैध नल कनेक्शनों की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पार्षद ने बताया कि इस समस्या से कई बार प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ है।
पार्षद हेमेन्द्र सिंह चौहान ने उपखंड अधिकारी से वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 एवं 35 में पेयजल व्यवस्था को सुचारू करवाने तथा आमजन को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।