Norat Mal Nama
05-Mar-2026
खाकी पर चढ़ा फागुनी रंग” जमकर लगे ठुमके’
देवली ,प्रदेशभर में रंगों का त्योहार धूलंडी उल्लास के साथ बीतने के बाद गुरुवार को देवली सर्कल के सभी पुलिस थानों में होली का अलग ही नजारा देखने को मिला। जब पूरा शहर त्योहार की थकान मिटा रहा था।
तब कानून व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाले खाकी के नुमाइंदों ने अपने साथियों के साथ जमकर होली खेली। देवली थाना परिसर में सुबह से ही उत्सव का माहौल नजर आया, जहाँ आत्मीयता के रंग घुले हुए दिखाई दिए। पिछले 3 दिनों से होली और धूलंडी के पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी और अधिकारी लगातार ड्यूटी पर रहे। ड्यूटी के उत्तरदायित्व के बाद गुरुवार सुबह 8 बजे से ही देवली थाना परिसर में पुलिसकर्मियों का जुटना शुरू हो गया। हाथों में रंग-गुलाल लिए जवान एक-दूसरे को बधाई देने पहुंचे और देखते ही देखते पूरा परिसर कई रंगी छटा में सराबोर हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने भी रैंक भूल कर फिल्मी गीतों की धुन पर पुलिसकर्मियों के साथ अपनी थकान मिटाते हुए जमकर ठुमके लगाए और रंगों के उत्सव का आनंद लिया। परंपरा के अनुसार पुलिस महकमे में धूलंडी के अगले दिन होली मनाई जाती है, जिसे इस बार भी बड़े हर्षोल्लास के साथ निभाया गया।