Norat Mal Nama
31-May-2026
*देवली में माली समाज की जिला स्तरीय बैठक में लिए गए अहम फैसले, प्रतिभा सम्मान समारोह, लाइब्रेरी और छात्रावास स्थापना का लिया प्रस्ताव*
*संगठन विस्तार को मिली नई गति, जिलेभर में नई कार्यकारिणी का गठन; जून में दूनी में होगा पहला प्रतिभा सम्मान समारोह*
देवली। अखिल भारतीय माली समाज सेवा संस्थान, जिला टोंक की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को देवली स्थित बोरड़ा गणेशजी मंदिर परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में समाज के संगठनात्मक विस्तार, शिक्षा प्रोत्साहन, प्रतिभा सम्मान, सामूहिक विवाह सम्मेलन तथा सामाजिक उत्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महावीर प्रसाद माली ने की। जिला संरक्षक प्रहलाद तलाईच ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुशंसा पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से जिला एवं तहसील स्तर पर विभिन्न पदों पर मनोनयन किए गए। साथ ही समाज के विकास और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संस्थान का विधिवत पंजीयन करवाने, जिला एवं तहसील स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोहों के नियमित आयोजन, सामूहिक विवाह सम्मेलन, शिक्षा प्रोत्साहन अभियान तथा समाज के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर सहमति बनी। इसके अलावा जिले की प्रत्येक तहसील में समाज के छात्रावास स्थापित करने और पुस्तकालयों के संचालन को बढ़ावा देने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
समाज में शिक्षा के प्रसार को प्राथमिकता देते हुए उनियारा खुर्द, देवली गांव, पनवाड़, बंथली एवं दूनी क्षेत्र में लाइब्रेरी संचालन की दिशा में कार्य प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि पुस्तकालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में संगठन विस्तार के तहत रामराज तलाईच (देवली क्षेत्र), गोपाल तलाईच (दूनी क्षेत्र) एवं प्रहलाद असावरा (मालपुरा क्षेत्र) को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं सुरेश अजमेरा (देवली क्षेत्र), उदालाल (दूनी क्षेत्र) तथा प्रेमचंद (देवली शहर) को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। भैरूलाल मुंगानिया को जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी, सीताराम रिछिया को जिला सह प्रभारी, बाबूलाल अजमेरा को कोषाध्यक्ष, राजेश मुंगानिया को सचिव, हरिशंकर माणगाया को सह सचिव तथा रामदास असावरा एवं कैलाश बढ़ेरा को सलाहकार मनोनीत किया गया।
तहसील स्तर पर शिवराज तलाईच को देवली तहसील अध्यक्ष, ओमप्रकाश सैनी को दूनी तहसील अध्यक्ष, हंसराज खरेटिया को मालपुरा तहसील अध्यक्ष, सोजीलाल बढ़ेरा को टोडारायसिंह तहसील अध्यक्ष तथा छगनलाल रातलिया को दूनी तहसील उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को समाज हित में निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष जिले की चारों तहसीलों—दूनी, देवली, मालपुरा और टोडारायसिंह—में क्रमवार आयोजित किया जाएगा। सर्वसम्मति से पहला प्रतिभा सम्मान समारोह आगामी जून माह में दूनी क्षेत्र में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
इस आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए 7 जून 2026 को दौलता मोड़ स्थित केसर माता मंदिर परिसर में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही सभी तहसील अध्यक्षों को आगामी पांच दिनों के भीतर अपनी-अपनी तहसील कार्यकारिणी का गठन पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में देवली शहर, देवली गांव, दौलता मोड़, पनवाड़, बंथली, दूनी, टोडारायसिंह, मालपुरा, उनियारा खुर्द, लाम्बाहरीसिंह, झाड़ली, बासेड़ा, गांवड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने भाग लेकर समाज की एकजुटता और विकास के संकल्प को मजबूत किया।