Norat Mal Nama
02-Aug-2026
देवली में किराए के मकान में महिला का शव मिला, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जांच शुरू
देवली, शहर के घोषी मोहल्ले में शनिवार रात किराए के मकान में रह रही एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में बात आग की तरह फैल गई।
सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मोबाइल इनवेस्टिगेशन यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एवं नमूने एकत्रित किए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार महिला मूल रूप से राजमहल क्षेत्र की निवासी थी और पिछले करीब एक वर्ष से घोषी मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थी। शनिवार शाम तक घर से कोई गतिविधि दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक को दी। इसके बाद मकान मालिक ने महिला के भाई को जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए मोबाइल इनवेस्टिगेशन यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
घटना की सूचना पर मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए एहतियातन दूनी थाना पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता भी मौके पर लगाया गया। जानकारी के अनुसार महिला अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ अकेली रहती थी। उसके पति का पूर्व में निधन हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। उप निरीक्षक महावीर प्रसाद और सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह ने बताया कि मामले में मृतका के बड़े भाई इलियास खान निवासी राजमहल ने अपनी बहन के संदिग्ध मौत की थाने में रिपोर्ट दी है। इसी तरह मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉ. प्रतीक चौधरी का कहना है कि शव पर किसी तरह के संघर्ष और चोट के निशान नहीं है। इन्वेस्टिगेशन के लिए विसरा भेजा गया है।