Norat Mal Nama
19-Oct-2025
टोंक जिले के देवली में आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की जयंती पर आयुर्वेद चिकित्सालय में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ.पी.एल. जांगिड़ द्वारा विशेष पूजा-अर्चना कर आमजन के स्वास्थ्य की कामना की
आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की जयंती के पावन अवसर पर रविवार सुबह शहर की विवेकानंद कॉलोनी स्थित आयुर्वेद चिकित्सालय में विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एल. जांगिड़ और आयुर्वेद चिकित्साकर्मियों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की और लोक कल्याण एवं आमजन के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान भगवान धन्वंतरि को धूप-दीप और भोग भी लगाया गया।
भगवान धन्वंतरि की जयंती को लेकर चिकित्सालय परिसर में खासी भीड़ रही। दर्जनों लोगों की मौजूदगी में भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के बाद आरती की गई। डॉ. जांगिड़ ने लोगों को धन्वंतरि जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आयुर्वेद के देवता भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर निरोगी काया पाई जा सकती है और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है।