Norat Mal Nama
13-Apr-2026
सफेद लाइनिंग ने बदली बाजार की सूरत, जाम से मिली राहत
लेकिन अब नियमित मॉनिटरिंग की जरूरत
देवली , शहर के मुख्य बाजार में अब वाहन चालकों और राहगीरों को ट्रैफिक जाम से काफी हद तक निजात मिलने लगी है। पिछले लंबे समय से अव्यवस्थाओं का केंद्र बने इस मार्ग पर अब असर साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस व नगर पालिका प्रशासन द्वारा सड़क पर खींची गई सफेद लाइनिंग की पालना सुनिश्चित करवाने से बाजार की सड़कें अब पहले की तुलना में काफी चौड़ी और व्यवस्थित नजर आने लगी हैं। इस सुधारात्मक कदम के पीछे पिछले दिनों होटल दुर्गा निवास के नीचे हुई एक बड़ी दुर्घटना मुख्य वजह बनी। दरअसल वहां फल और सब्जी के ठेला विक्रेताओं ने सफेद लाइनिंग का उल्लंघन करते हुए सड़क पर काफी आगे तक कब्जा कर लिया था। इस अतिक्रमण की वजह से सड़क संकरी हो गई और वहां खड़ी एक जीप को रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रोडवेज बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। जांच में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि 30 फीट चौड़ी सड़क होने के बावजूद ठेला विक्रेताओं के सड़क पर पसरे होने के कारण वहां से एक समय में केवल एक ही वाहन गुजर पा रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सख्त रुख अख्तियार किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी फल-सब्जी विक्रेताओं को नगरपालिका द्वारा निर्धारित सफेद लाइनिंग के पीछे धकेल दिया। इस कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि अब मुख्य मार्ग पूरी तरह खुला-खुला नजर आ रहा है और यातायात का प्रवाह भी सुगम हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि शहर की सुंदरता और सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था नियमित रहनी चाहिए। साथ ही आमजन ने यह मांग भी उठाई है कि प्रशासन को इसकी निरंतर मॉनीटरिंग करनी चाहिए, ताकि भविष्य में दोबारा बाजार अतिक्रमण की स्थिति पैदा न हो और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।